डिग्री कॉलेजों में सीटों के सापेक्ष कम हुए पंजीकरण
धामपुर। डिग्री कॉलेजों में स्नातकोत्तर स्तर पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या कम होने पर कॉलेज प्रशासन की चिंता बढ़ती जा रही है। ऑनलाइन पंजीकरण कराने की आखिरी तिथि 30 अक्तूबर निर्धारित है। एक नवंबर से कॉलेजों में पंजीकृत छात्र-छात्राओं का मेरिट के आधार पर प्रवेश शुरू हो जाएगा। 10 अक्तूबर से पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है।
आरएसएम डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राकेश कुमार का कहना है कि इस बार स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए 10 अक्तूबर से प्रवेश प्रक्रिया चल रही है, 30 अक्तूबर पंजीकरण की अंतिम तिथि है। इस बार अभी तक ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या अपेक्षा से कम होने के कारण कॉलेजों की चिंता बढ़ती जा रही है। धामपुर एसएम डिग्री कॉलेज में समाजशास्त्र प्रथम में 60 सीटें हैं। अभी तक इनमें से प्रवेश पाने के लिए 25 छात्र-छात्राओं ने ही पंजीकरण कराया है। भूगोल संकाय में 80 सीटें हैं, अभी तक 35 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। जबकि पिछले साल भूगोल संकाय में 30 छात्र-छात्राओं ने ही प्रवेश पाया था। एमएससी प्रथम वर्ष में केवल 30 सीटें हैं। अभी तक केवल 12 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है।