- लखनऊ की एक कपंनी की ओर से जारी किए गए नियुक्ति पत्र
- वार्ड ब्वाय के पद का नियुक्ति पत्र थमाकर दिया झांसा
अमन कुमार शर्मा
बिजनौर। यूं तो महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती नहीं चल रही है। मगर लोगों के साथ ठगी चालू हो गई है। इसकी जानकारी तब हुई, जब एक पत्र मेडिकल प्रशासन के पास आया। जिसे देख प्रशासन हैरान और सतर्क हो गया है। लखनऊ की एक कंपनी की ओर से किसी को एक नियुक्ति पत्र भी जारी कर दिया गया है, जो देखने से ही फर्जी प्रतीत हो रहा है।
मेडिकल कॉलेज में अभी चिकित्सकों की भर्ती प्रकिया चल रही है। इसके अलावा किसी भी पद के लिए भर्ती नहीं की जा रही है। न ही किसी कंपनी को कर्मचारियों की भर्ती के लिए आउट सोर्सिंग का ठेका दिया गया है। मगर महात्मा विदुर स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले लोगों का गैंग सक्रिय हो गया है। इतना ही नहीं लोगों को फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिए जा रहे हैं।
ऐसा ही एक पत्र अस्पताल के कर्मचारी के पास पहुंचा। उसने पता किया कि क्या यह पत्र सही है। इस पर मेडिकल प्रशासन ने कहा कि अभी कोई भर्ती की जा रही है। यह फर्जी है। लखनऊ स्थित हर्ष इंटरप्राइजेज के नाम से वार्ड ब्वाय को नियुक्ति पत्र भेजा गया है। जिसमें वार्ड ब्वाय को तैनाती लेने की तारीख तीन जुलाई दी गई है। पत्र में यह भी लिखा है कि वार्ड ब्वाय के पद पर तीन साल के लिए नियुक्ति दी गई है। (संवाद)
नियुक्ति पत्र में गलत है मेडिकल कॉलेज का पूरा नाम
मेडिकल कॉलेज का अंग्रेजी में पूरा महात्मा विदुर ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, बिजनौर है। जबकि नियुक्ति पत्र में मेडिकल कॉलेज का अंग्रेजी में पूरा नाम महात्मा विदुर स्वशासी स्टेट मेडिकल कॉलेज, बिजनौर लिखा हुआ है। जिससे साफ पता चल रहा है कि नियुक्ति फर्जी है।
पहले भी हो चुका है मेडिकल कॉलेज के नाम पर फर्जीवाड़ा
मेडिकल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक इससे पहले भी लोगों के साथ मेडिकल कॉलेज में नौकरी लगवाने के नाम पर फर्जीवाड़ा हो चुका है। अस्पताल प्रबंधक रोहित कुमार के मुताबिक पहले एक गैंग ने पिछले साल 40 से अधिक लोगों से मेडिकल कॉलेज में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी अस्पताल प्रशासन को दी थी। जिसके बाद इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी। उन लोगों को क्लर्क, फार्मासिस्ट सहित अन्य पदों पर भर्ती कराने का झांसा दिया गया था।
- वर्जन::
महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों के अलावा किसी अन्य पद के लिए भर्ती शुरू नहीं हुई है। भर्ती प्रक्रिया से पहले विज्ञापन दिया जाएगा। साथ ही कंपनी नामित होगी। अभी ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। जो नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं, वह फर्जी हैं। लोग ठगी के शिकार होने से बचें - डॉ. उर्मिला कार्या, प्राचार्या, मेडिकल कॉलेज, बिजनौर