मॉडल शॉप की तर्ज पर विकसित होंगी राशन की दुकानें
बिजनौर। कार्डधारकों को अनाज लेने के लिए राशन डीलर के घर चक्कर नहीं लगाने पडे़ंगे। दरअसल, अभी तक राशन की दुकान डीलरों के घर या उनकी निजी जमीन में होती ह,ै लेकिन अब ये व्यवस्था बदलने जा रही है। राशन की दुकान अब मॉडल शॉप कहलाएगी। फिलहाल जिले में पहले चरण में 75 मॉडल शॉप विकसित होने जा रही हैं। जिसकी कवायद शुरू हो गई है।
आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के तहत शासन के निर्देश पर डीएम ने हाल ही में पत्र जारी किया है। जिसमें 75 उचित दर की दुकानों को मॉडल शॉप के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। चार हजार यूनिट पर एक दुकान का निर्माण किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन और शहरी क्षेत्रों में सामुदायिक भवनों के पास इन दुकानों के निर्माण को प्राथमिकता दी जानी है। ये दुकानें मॉडल शॉप कहलाएंगी। जोकि सरकारी जमीनों पर बनेंगी। जिससे राशन डीलर बदल जाने के बाद भी दुकान का स्थान नहीं बदलेगा। सभी नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में एक एक मॉडल शॉप का निर्माण कराया जाएगा।
बता दें कि अभी तक सरकारी सस्ते गल्ले की ये दुकानें राशन डीलर के घर या उनकी निजी दुकानों में चलती हैं। कई बार राशन डीलर बदल जाता है तो दुकान की जगह भी बदल जाती है। इसके अलावा कार्ड धारकों को राशन डीलर के घर के चक्कर अलग काटने पड़ते हैं।
कहां कितनी बनेंगी मॉडल शॉप
ब्लॉक मॉडल शॉप की संख्या
कोतवाली 7
नजीबाबाद 6
नूरपुर 6
जलीलपुर 5
मो. देवमल 5
अल्हैपुर 5
बूढ़नपुर 5
हल्दौर 5
नहटौर 5
अफजलगढ़ 4
किरतपुर 4
पहले चरण में जिले में 75 दुकानों को मॉडल शॉप के रूप में विकसित किया जाना है। जिसके लिए दिशा निर्देश मिले हैं। सरकारी भवनों में ये दुकानें होंगी। अगर राशन डीलर बदलता भी है तो मॉडल शॉप का स्थान नहीं बदलेगा
- विजय प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी