स्योहारा। थाना क्षेत्र के नरावली गांव के पास पोषक नहर में कूदे युवक रामचरण सिंह का शव घटना के पांच दिन बाद शनिवार सुबह बरामद हो गया। शव घटना स्थल से करीब दो किलोमीटर दूर नहर के बीच बने रेत के टापू पर मिला। शव की तलाश के लिए पिछले कई दिनों से पुलिस और एनडीआरएफ की टीम सर्च अभियान चला रही थी। इस दौरान सिंचाई विभाग की मदद से नहर का पानी भी कम कराया गया था, जिससे तलाशी अभियान में सहूलियत मिल सके। शनिवार सुबह पानी कम होने पर नहर के बीच बने रेत के टापू पर एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान मीरापुर निवासी रामचरण सिंह पुत्र स्वर्गीय गुलाब सिंह के रूप में की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौरतलब है कि रामचरण सिंह सोमवार शाम नरावली गांव के पास पोषक नहर में कूद गया था।