नजीबाबाद। भाकियू लोकशक्ति के कार्यकर्ताओं ने गन्ना मूल्य घोषित करने और क्षेत्र की जर्जर बिजली लाइनों को दुरुस्त कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम कई मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
भाकियू लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष चौ. वीर सिंह सहरावत के नेतृत्व में तहसील में कार्यकर्ताओं की पंचायत आयोजित हुई। चौ. वीर सिंह ने कहा कि चीनी मिलों को शुरू हुए दो माह से अधिक समय हो गया है, लेकिन सरकार ने अभी तक गन्ने का भाव घोषित नहीं किया। उन्होंने नजीबाबाद चीनी मिल के चालू सत्र का गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने का भी मुद्दा उठाया।
एसडीएम विजय वर्धन तोमर को सौंपे ज्ञापन में 2021-22 पेराई सत्र का बकाया मूल्य भुगतान कराने, चालू पिराई सत्र का भुगतान 14 दिन के भीतर कराने, गन्ने की दाम 500 रूपये प्रति क्विंटल करने, चीनी मिल के गेट व क्रय केंद्रों पर घटतौली बंद करने, किसानों को निम्न दरों पर 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने समेत कई मांगें शामिल रहीं।
पंचायत में राष्ट्रीय महासचिव चौ. पदम सिंह, मंडल प्रभारी जग्गन अली, मंडल महासचिव अमरीष चौधरी, जिला महासचिव अजयपाल सिंह, सरदार जरनैल सिंह, नरेश कुमार, नईम, फुरकान अली, सुखवीर, अमित कुमार, प्रीतम सिंह, नौबहार, फूल सिंह, कामेंद्र आदि मौजूद रहे।