एमडी से गोदामों में रखी चीनी विक्रय की उठाई मांग
नजीबाबाद। चीनी मिल प्रबंध समिति के प्रतिनिधिमंडल ने चीनी मिल संघ के एमडी रमाकांत पांडेय को लखनऊ में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना मूल्य भुगतान के लिए चीनी के स्टॉक को बेचने की व्यवस्था कराने की मांग की।
किसान सहकारी चीनी मिल नजीबाबाद के उप सभापति चौ. लोकेंद्र सिंह, निदेशक पीतांबर सिंह ने लखनऊ में चीनी मिल संघ के एमडी रमाकांत पांडेय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने एमडी को चीनी मिल में रखी लाखों क्विंटल चीनी विक्रय न होने से गन्ना मूल्य भुगतान लंबित होने की स्थिति से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने चीनी मिल के गोदाम में पांच लाख क्विंटल और मिल के बाहरी गोदाम में 1.5 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक रखे होने की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने पेराई सत्र समाप्त होने के सात माह बाद भी किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान लंबित है।
प्रतिनिधिमंडल ने एमडी रमाकांत पांडेय से नजीबाबाद चीनी मिल के गोदामों में रखी लाखों क्विंटल चीनी की बिक्री के लिए व्यवस्था कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नया पेराई सत्र शुरू होने को है, जबकि चीनी मिल की रीढ़ किसान गन्ना मूल्य भुगतान न होने से आर्थिक संकटों के दौर से गुजर रहे हैं। एमडी रमाकांत पांडेय ने जल्द गन्ना मूल्य भुगतान व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।