धामपुर। रेलवे सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिसौदिया ने बताया कि चार मार्च को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धामपुर सवेरे दस बजे भूमि पूजन संबंधी कार्यक्रम है।
स्टेशन के कायाकल्प के मद्देनजर नवीन भवनों का निर्माण कराने की दिशा में पहले भूमि पूजन होगा। बाद में जैतरा रेलवे फाटक पर प्रस्तावित अंडरपास का भी शिलान्यास किया जाएगा। अमरोहा चौकी के प्रभारी विकल चौधरी ने बताया कि रेल मंत्री यहां से कार्यक्रम को संपन्न करने के बाद नजीबाबाद के लिए रवाना होंगे। इस मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष राघव शरण गोयल, पुरुषोत्तम अग्रवाल सुभाष यादव शामिल रहे।
वहीं, शुक्रवार को दिनभर जेसीबी से स्टेशन पर बने पुराने भवनों काे ध्वस्त किया गया। रेल मंत्री की जनसभा के लिए जीआरपी पुलिस चौकी के सामने खाली पड़े मैदान में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
भाजपा नगराध्यक्ष राघव शरण गोयल का कहना है कि धामपुर क्षेत्र के लिए बहुत ही खुशी के क्षण है। देश की आजादी के बाद से धामपुर में आज तक कोई रेल मंत्री नहीं आया। निवर्तमान पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता ने भी इसे धामपुर वासियों के लिए एक ऐतिहासिक कार्यक्रम बताया। रेल मंत्री से मिलकर यहां पर कई अन्य रेल गाड़ियों को रुकवाने का भी प्रयास किया जाएगा।