संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। नगीना देहात पुलिस ने एक घेर में पटाखा बनाने की अवैध फैक्टरी पर छापा मारा। भारी मात्रा में पटाखों का स्टॉक बरामद किया। पुलिस घेर स्वामी के पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह ने बताया कि ग्राम रायपुर नरुलोपुर के बीच स्थित एक घेर में पटाखा बनाने की अवैध फैक्टरी चल रही थी। रविवार की दोपहर लोगों को घेर में आग के साथ धुआं निकलता दिखाई दिया तो सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो भारी मात्रा में पटाखा बनाने का सामान और पटाखे जब्त किए गए। मौके पर कुछ अर्ध जले और पूरे जले हुए पटाखे भी बरामद हुए।
सीओ ने बताया कि घेर स्वामी ने एक सप्ताह पूर्व नजीबाबाद के दो लोगों को जगह किराए पर दी थी। मौके पर पुलिस को पटाखे बनाने वाला कोई भी व्यक्ति नहीं मिला। मकान स्वामी के पुत्र इफ्तेखार को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है।