- अटल आवासीय विद्यालय योजना में 75 ने किए आवेदन
- योजना में आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 जून
संवद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों के लिए शुरू की गई अटल आवासीय विद्यालय योजना में 75 लाभार्थियों ने आवेदन कर दिए है। पात्र श्रमिकों के बच्चे 12 जून तक योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं अटल आवासीय विद्यालय योजना की प्रश्न-पत्र प्रणाली जारी कर दी गई है। परीक्षा 100 अंको की होगी।
जिले में पांच लाख से ज्यादा श्रमिक श्रम विभाग में पंजीकृत हैं। जिनमें से 9382 ऐसे श्रमिक हैं, जिनके बच्चे अटल आवासीय विद्यालय योजना में प्रतिभाग कर सकते हैं। अब तक श्रमिकों के 75 बच्चों ने योजना के लिए आवेदन किया है। योजना की परीक्षा 23 जून को राजकीय इंटर कॉलेज में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित होगी।
सामान्य बच्चों के लिए परीक्षा का समय दो घंटे है। जबकि दिव्यांग बच्चों को परीक्षा में 40 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। परीक्षा पास करने वाले बच्चे मंडल स्तर पर बन रहे विद्यालय में पढ़ाई करेंगे। परीक्षा में 100 अंकों के 80 प्रश्न रहेंगे। परीक्षा में मानसिक क्षमता का परीक्षण, अंक गणित, भाषा परीक्षण से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
इन शर्तों को पूरा करने वाले करें आवेदन
- श्रम विभाग में श्रमिक तीन साल पुराना पंजीकृत होना चाहिए
- पंजीकृत श्रमिक के बच्चे ने इसी वर्ष ही कक्षा पांच पास की हो
- उम्र 10 से 13 वर्ष होनी चाहिए
- बच्चे का जन्म एक मई 2010 से 30 अप्रैल 2013 के बीच होना चाहिए
वर्जन::
योजना के लिए पात्र श्रमिकों के बच्चे योजना में आवेदन करने के लिए आवेदन पत्र विभाग से ले सकते हैं। श्रम विभाग में 12 जून तक आवेदन जमा कर सकते हैं। पात्र श्रमिकों के बच्चे जल्द ही आवेदन पत्र भरकर जमा करें।....केके गुप्ता, सहायक श्रमायुक्त, विजनौर