बिजनौर। अब आम के आम, गुठलियों के दाम की कहावत बिजनौर के किसानों के लिए सटीक साबित होगी। खेत पर पेड़ लगाने से जहां कटाई के समय तो एक मुश्त धनराशि तो मिलेगी ही, साथ ही इस बीच किसान इन पेड़ों से निकली हवा का पैसा भी वसूलेंगे। जिले के 325 किसानों ने वन विभाग को आवेदन भी कर दिया है। असल में कार्बन फाइनेंस योजना के तहत किसानों को इसका लाभ दिया जाना है। हर पेड़ के लिहाज से प्रतिवर्ष के हिसाब से किसानों के खाते में सीधे भुगतान किया जाएगा। वन विभाग जिले के अन्य किसानों से भी आवेदन मांग रहा है, जिसमें किसानों को अपने खेतों पर लगे पेड़ की प्रजाति, संख्या का लेखाजोखा देना है।
वृक्षों से निकली ऑक्सीजन का महत्व पर चर्चाएं तो खूब होती हैं, लेकिन अब इसकी कीमत का आकलन भी होने लगा है। खासतौर से किसानों को अब उसके खेतों पर लगने वाले पेड़ से निकलने वाली हवा का पैसा देने की तैयारी की जा रही है। टेरी (द एनर्जी एंड रिसोर्स इंटीट्यूट) ने उत्तर प्रदेश के चार वन मंडल मेरठ, लखनऊ, सहारनपुर, मुरादाबाद में कार्बन वित्त के माध्यम से ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत किसानों को उनके खेतों पर लगाए जाने वाले पेड़ जैसे यूकेलिप्टस, पॉपुलर, मेलिया, शीशम, आम आदि पेड़ों की संख्या के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। किसानों को कार्बन प्रोत्साहन के रूप में 200 से 250 रुपये मिलेंगे। बिजनौर वन डिवीजन की बात करें तो यहां पर अब तक 325 किसानों ने वन विभाग में आवेदन किया है और अपने खेतों पर लगे वृक्षों का ब्योरा दिया है। (संवाद)
देश में आएगा विदेशी पैसा
असल में इस योजना के तहत जो भुगतान होगा, उसका बोझ प्रदेश या केंद्र सरकार पर नहीं पड़ेगा। इसमें विदेशों से प्रति कार्बन क्रेडिट छह डॉलर का भुगतान किया जाएगा। पहले चरण में कौन सा पेड़ कितना कार्बन सोखता है, इसके आकलन करने और किसानों के खेतों पर लगे वृक्षों की संख्या का आवेदन के हिसाब से रखने का कार्य चल रहा है।
--------
वर्ष 2018 से 2021 के बीच लगे पेड़ तो मिलेगा लाभ
डीएफओ बिजनौर डॉ.अनिल पटेल ने बताया कि यदि किसानों ने वर्ष 2018 से 2021 तक जो पेड़ लगाए हैं, यह लाभ उन पर दिया जाएगा। 2018 में लगाए गए पेड़ का पैसा दिसंबर 2023 तक किसानों के खातों में पहुंच जाएगा। इसी लिहाज से आगे भी भुगतान होता रहेगा। अब तक 325 किसानों के आवेदन आए हैं, जिन्हें ऑनलाइन किया जा रहा है।
----
पेड़ों की प्रजातियां और उनसे मिलने वाली धनराशि पर एकनजर
पेड़ धनराशि प्रतिवर्ष / प्रति पेड़
यूकेलिप्टस 250 रुपये
पॉपुलर 330 रुपये
मेलिया 1200 रुपये
शीशम 900 रुपये