बारिश छाता लगाकर गंतव्य को जाती युवतियां
- फोटो : DHAMPUR
बारिश से दलहनी और तिलहनी फसलों को नुकसान
धामपुर। बृहस्पतिवार मध्यरात्रि से लगातार हो रही बारिश ने किसानों की बेचैनी बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि खेतों में पकी तिलहनी और दलहनी फसलों का इस बारिश से बंटाधार हो जाएगा। यह बारिश केवल गन्ने और बरसीम की फसल के लिए लाभकारी है। बाग के लिए लाभदायक है। बारिश से पालिका के विकास की पोल भी खुल गई। पालिका के नीचे हिस्से में जलभराव होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। मोहल्ला बाड़वान के लोगों ने पानी की निकासी की समस्या का स्थायी तौर पर निदान कराने को पालिका में कई दिन तक धरना दिया था, लेकिन फिर भी समस्या का स्थायी निदान न होने से लोगों में पालिका के प्रति असंतोष बना है। गेहूं की फसल जो निचले भाग में है उसमें बारिश का पानी भर जाने से फसल को काफी नुकसान होगा। चीनी मिल के गन्ना प्रबंधक मनोज कुमार चौहान का कहना है कि अभी तो चीनी मिल में गन्ने की आपूर्ति पर कोई असर नहीं हुआ है, लेकिन यदि बारिश ऐसे ही होती रही तो दिक्कत आ सकती है। बारिश में चना और मसूर की फसल पर ज्यादा खतरा है। किसान भारत भूषण शर्मा, टीकम सिंह, गिरधारी सिंह, पंकज कुमार, डा. सुनील कुमार, रनजीत सिंह का कहना है कि बारिश आम के बागों के लिए लाभकारी है। दिनभर हुई बारिश से आने जाने वालों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।