नबी की हदीसें हमें देती हैं मोहब्बत का पैगाम : मुरारीदास
बिजनौर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से सर्वधर्म सद्भाव के रूप में ईद मिलाद उन नबी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक स्वामी मुरारीदास ने कहा कि इस्लाम में नबी की हदीसें हमें खिदमत, रुहानीयत, नारी सम्मान तथा मोहब्बत का पैगाम देती हैं।
एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि नबी ने किसी को काफ़िर नहीं कहा। वह अपने से पहले सभी पैगम्बरों पर ईमान लाए। इस्लाम मोहब्बत व पड़ोसी को दु:ख न देने का पक्षधर है। नबी की हदीसें वतन से मोहब्बत व देश के संविधान को मानने की शिक्षा देती हैं। आज जरूरत नबी की बात को मानने की है। कार्यक्रम में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद अफजाल, क्षेत्रीय सह संयोजक इस्लाम खान, राष्ट्रीय संयोजक इस्लाम अब्बास, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष सरदार मलकीत सिंह, जिला उपाध्यक्ष अलीसा सिद्दीकी, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष बदर खान, खलिउरह्मान आदि ने विचार रखें।
अब्दुल कय्यूम राइन व कमलजीत सिंह नूर के संचालन में हुए कार्यक्रम में बिजनौर नगर प्रभारी नबील अहमद, इरशाद अहमद, अमृत सैमुअल, मुश्ताक अहमद, सय्यद विकार हैदर रिजवी, गुरनाम सिंह, हरमीत सिंह, वसीम अंसारी आदि मौजूद रहे।