समाधान दिवस पर सुनीं समस्याएं
चांदपुर। समाधान दिवस पर एसडीएम रितु चौधरी ने कुशलता पूर्वक कार्य करने व समस्याओं का निस्तारण तुरंत करने की बात कही है।
शनिवार को कोतवाली परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस पर कुल पांच शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से दो का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। एसडीएम रितु चौधरी ने गांव सैंदवार निवासी गुलशन सिंह के जमीनी विवाद संबंधी प्रार्थनापत्र पर टीम गठित कर जांच किए जाने के निर्देश दिए हैं। सीओ सुनीता दहिया ने कहा कि किसी भी काम में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। कार्य में विलंब न कर समस्याओं का निस्तारण तुरंत करें। समाधान दिवस पर एसडीएम, सीओ, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार राय, उपनिरीक्षक प्रवीण मलिक, हल्का लेखपाल आदि मौजूद रहे।