- आयुष्मान से जुड़े निजी अस्पतालों में सत्यापन कर रही स्वास्थ्य विभाग की टीम
- 93 अस्पताल जिले में आयुष्मान भारत योजना से जुड़े हुए हैं
- 69 निजी और 24 सरकारी अस्पताल आयुष्मान योजना का दे रहे लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। निजी अस्पताल आयुष्मान योजना का गलत फायदा उठा रहे हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। आयुष्मान कार्ड से मरीजों का इलाज सही हो रहा है या नहीं, इसका पता लगाने के लिए टीम अस्पतालों में सत्यापन कर रही है।
सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान भारत योजना चलाई है। जिले में इस योजना के तहत 69 निजी और 24 सरकारी अस्पताल जुड़े हुए हैं। इन अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारक लाभार्थियों का इलाज फ्री में किया जा रहा है। मगर, कुछ निजी अस्पताल आयुष्मान कार्ड से मरीज के तरह-तरह के बिल लगाकर अधिक पैसे निकाल रहे हैं। इसके चलते अब स्वास्थ्य विभाग की टीम यह सत्यापन कर रही है कि अस्पताल में पंजीकृत चिकित्सक है या नहीं।
मरीज का इलाज उसी चिकित्सक ने किया है, साथ ही मरीज का सही में ऑपरेशन हुआ है या फिर सिर्फ कागजों में ही ऑपरेशन दिखाकर ज्यादा पैसे निकाले गए हैं। इसे लेकर एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ इन अस्पतालों में जाकर पिछले एक सप्ताह से ज्यादा के मरीजों का डाटा देख रहे हैं।
अगर कोई अस्पताल में आयुष्मान कार्ड से गलत तरीके से पैसे निकालने का मामला पकड़ में आता है तो अस्पताल को आयुष्मान पैनल से हटाया जाएगा। साथ ही संबंधित अस्पताल पर कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. विजय कुमार गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बिजनौर