मिनी सचिवालयों से होगा प्रधानों का भुगतान
धामपुर। अब ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ग्राम प्रधानों को भुगतान अपने निजी आवास, प्रधान के घर या विकास खंड मुख्यालय से नहीं कर पाएंगे। प्रधानों का भुगतान करने के लिए ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को पंचायतों में बने मिनी सचिवालय में बैठकर ही कार्य करना होगा।
एडीओ (आईएसबी) डीडी सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से पंचायतों में मिनी सचिवालयों का निर्माण इसलिए किया जा रहा है कि जिससे पंचायतों में तैनात अधिकारी और कर्मचारी वहां पर बैठकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पंचायतों में मिनी सचिवालय को बहु उद्देश्य पंचायत सचिवालय का रूप दिया गया है। अब प्रधानों को मनरेगा के कार्य कराने के लिए करने के लिए विकासखंड मुख्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। मिनी सचिवालय में ही रोजगार सेवक कलस्टर तैयार कर मनरेगा श्रमिकों को न केवल कार्ययोजना बनाकर कार्य कराएंगे, बल्कि उनका भुगतान भी मिनी सचिवालय से ही होगा। ग्राम प्रधानों को अपनी पंचायत में विकास कार्य के लिए भुगतान प्राप्त करने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को वहीं पर तैनात कर दिया गया है। पंचायत भवन से ही ग्राम पंचायत विकास अधिकारी प्रधान को भुगतान कराएंगे।