नांगलसोती के आरबीएस इंटर कॉलेज में मांगों को लेकर प्रधानाचार्य से वार्ता करते एबीवीपी कार्यकर्?
- फोटो : NAZIBABAD
प्रधानाचार्य और प्रबंधक का किया घेराव
नांगलसोती/नजीबाबाद। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मार्कशीट में नाम सही कराने के बदले छात्रों से अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए आरबीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य और प्रबंधक का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने मार्कशीट में छात्रों के नाम निशुल्क सही कराने की मांग की।
एबीवीपी के प्रांत सह संयोजक अभिषेक त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ता बुधवार को आरबीएस इंटर कॉलेज पहुंचे। कार्यकर्ताओं का कहना है कि विद्यालय में मार्कशीट ठीक कराने के नाम पर छात्रों से पांच हजार रुपये लिए जा रहे हैं। साथ ही छात्र-छात्राओं पर विद्यालय के शिक्षकों द्वारा ट्यूशन लगाने का दबाव भी बनाया जा रहा है, जिससे एबीवीपी कार्यकर्ताओं रोष है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने प्रधानाचार्य और प्रबंधक को मांगपत्र सौंपकर कक्षा-10 और कक्षा-12 की मार्कशीट में जिन छात्र-छात्राओं के नाम गलत है उनके नाम निशुल्क सही कराने की मांग की है। प्रधानाचार्य राजीव चौहान, प्रबंधक कामेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष राघव प्रताप ने कार्यकर्ताओं को दो महीने के भीतर मार्कशीट में छात्र-छात्राओं के नाम सही कराने और जांच कर छात्रों को उनके रुपये दिलाने का आश्वासन दिया। मांगपत्र सौंपने में विनायक गुप्ता, अभिनव कुमार, विकाश देशवाल, बंटी कुमार, नीरज कुमार, हर्षित त्यागी, आशीष त्यागी, उज्ज्वल चौधरी, हनी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नांगलसोती के आरबीएस इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपते एबीवीपी कार्यकर्ता।- फोटो : NAZIBABAD