आज से खुलेंगे प्राइमरी स्कूल
बिजनौर। कोविड-19 लॉकडाउन के उपरांत आज से परिषदीय प्राइमरी स्कूल खुल जाएंगे। छोटे बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा।
शासन ने करीब 11 महीने के बाद कक्षा एक से पांच तक के स्कूल खोलने के निर्देश दिए हैं। स्कूल आने वाले बच्चों का शिक्षक तिलक लगाकर स्वागत करेंगे। स्कूलों को गुब्बारों और झालरों से सजाने के भी दिशा-निर्देश दिए गए थे। बच्चों को मिड डे मिल भी उपलब्ध कराया जाएगा। बीएसए महेश चंद के मुताबिक शिक्षकों को स्कूल आने वाले बच्चों के लिए कोविड-19 से बचाव के उपाय भी करने होंगे। बच्चों को सजग रखने के लिए कोविड-19 के बारे में जानकारी भी देनी होगी। ब्लॉकस्तर पर भी खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा न्याय पंचायत के संकुल शिक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि कक्षा छह से आठ तक के बच्चे स्कूल आने शुरू हो गए हैं। अब शासन ने कक्षा एक से पांच तक के बच्चों के स्कूल एक मार्च से खोलने के निर्देश दिए हैं। शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।