-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बढ़ेगी युवाओं की भागीदारी
-09 करोड़ से ज्यादा की लागत से तैयार किया जाएगा सिंथेटिक ट्रैक
-80 से ज्यादा एथलेटिक स्टेडियम में कर रहे तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। युवाओं की प्रतिभा निखारने के लिए स्टेडियम में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इसी कड़ी में अब नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का बजट तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। शासन से हरी झंडी मिलते ही ट्रैक का काम शुरू कर दिया जाएगा। ट्रैक का फायदा तैयारी कर रहे एथलीट को मिलेगा।
नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में रोजाना करीब 80 एथलीट तैयार करने पहुंच रहे हैं। सुबह और शाम पसीना बहाकर खुद को जीतने के काबिल बना रहे हैं। मगर बेहतर सुविधाएं नहीं मिलने से पीछे रह जाते हैं। उनके पीछे हटते कदमों को आगे बढ़ाने के लिए ही सिंथेटिक रनिंग ट्रैक के निर्माण के लिए नौ करोड़ 80 लाख 67 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार शासन को भेज दिया गया है। प्रतिभा निखारने के लिए सिंथेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। अभी तक धावक घास के ट्रैक पर दौड़ लगा रहे हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं सिंथेटिक ट्रैक पर ही होती हैं।
सिंथेटिक रनिंग ट्रैक बनने से मिलेगा ये फायदा-
-राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बढ़त मिलेगी
-प्रतियोगिता में दौड़ने पर पैर नहीं भरेंगे
-प्रतियोगिता के हिसाब से तैयार बेहतर होगी
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय की दौड़ सिंथेटिक ट्रैक पर होती है। स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक नहीं होने से एथलीट के पैर जल्दी भर जाते और वो थकन महसूस करते हैं। ट्रैक बनने से एथलीट को काफी फायदा मिलेगा। खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए यह अच्छा है। ....राजकुमार, जिला क्रीड़ाधिकारी, बिजनौर
प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। उम्मीद है जल्द ही शासन से प्रस्ताव को अनुमति मिल जाएगी।
- पूर्ण बोरा, सीडीओ बिजनौर