शामली। विकासखंड कैराना की 16 ग्राम पंचायतों में बिना टेंडर और कुटेशन के कार्य कराने के मामले में कुछ ग्राम सचिव नोटिस का जवाब नहीं दे रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने ऐसे ग्राम सचिवों पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
अब तक आठ ग्राम सचिव नोटिस का जवाब दे चुके हैं, जबकि 13 के बाकी हैं। चार साल पहले कोरोना काल के दौरान विकासखंड कैराना की 16 ग्राम पंचायतों में 94 विकास कार्य कराए गए थे। सभी विकास कार्याें में टेंडर व कुटेशन प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था। मामले की जांच उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग द्वारा कराई गई तो विकासखंड कैराना व कांधला में 204 कार्यों के लिए मैसर्स उषा कंस्ट्रक्शन कंपनी को करीब चार करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया था। डीपीआरओ संदीप अग्रवाल का कहना है कि कुछ ग्राम सचिव जवाब नहीं दे रहे हैं। ऐसे ग्राम सचिवों के खिलाफ अधिकारययों के निर्देश के बाद कार्रवाई कराई जाएगी।