- 148 पदों पर जिले में कार्यरत हैं संविदा एएनएम
- 198 संविदा एएनएम पद करने की चल रही तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के लिए एएनएम की संख्या बढ़ाई जा रही है। जिले में 107 नियमित एएनएम को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। अब शासन स्तर से एएनएम के संविदा पद भी बढ़ाए जाने की तैयारी है। बिजनौर में एएनएम के संविदा पर 50 पद बढ़ाए जाएंगे।
बिजनौर में एएनएम के नियमित 398 पद स्वीकृत हैं। जिनमें से 197 एएनएम पहले से ही कार्यरत हैं। जबकि 107 एएनएम को नियुक्ति पत्र दे दिए गए हैं। कुल मिलाकर बिजनौर में 304 नियमित एएनएम हो गई हैं। इसके अलावा जिले में एएनएम के 148 संविदा पद हैं। जिन्हें बढ़ाकर 198 पद करने की तैयारी चल रही है। जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता मोहम्मद शमीम अहमद ने बताया कि शासन की ओर से एएनएम के संविदा बढ़ाने की गाइडलाइन भेजी गई है। जिस पर काम चल रहा है।
शासन की ओर से जल्द ही पद बढ़ा दिए जाएंगे। एएनएम की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य कार्यक्रमों को बढ़ावा मिलेगा। टीकाकरण व्यवस्था में सुधार होगा। एएनएम का मुख्य काम टीकाकरण करना ही है। इसके अलावा लोगों के टीकाकरण के फायदे भी एएनएम गिनाएंगी।
वर्जन::
जिले में एएनएम के संविदा बढ़ाने की चर्चा चल रही है। अगर पद बढ़ाए जाते हैं तो स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो सकेंगी। इस समय नियमित एएनएम पदों पर भर्ती हुई है। जिनमें कुछ एएनएम संविदा वाली भी हैं। जिसके चलते पद बढ़ाए जाने की उम्मीद है - डॉ. विजय कुमार गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी