यूपी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई का स्तर सुधारने के लिए नई पहल
तीसरी आंख की निगरानी में होगी परीक्षा, रिकाॅर्डिंग रहेगी सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शासन ने यूपी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई का स्तर सुधारने के लिए इस साल से नई पहल की है। इस साल कक्षा 12 की प्री बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा भी होगी। परीक्षा तीसरी आंख की निगरानी में होगी। डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार विद्यालयों को निर्देश भेज दिए हैं।
जिले में यूपी बोर्ड के 402 विद्यालय है। इनमें इंटर के 5000 से अधिक छात्र-छात्राएं संस्थागत रूप में पंजीकृत हैं। कक्षा 12 की हर साल प्री बोर्ड परीक्षा होती है। मगर, पिछले साल तक कक्षा 12 की प्री बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं होती थी। केवल लिखित प्री-बोर्ड परीक्षा होती थी। बोर्ड ने इस साल कक्षा 12 की प्री बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं।
डीआईओएस कार्यालय के अनुसार कक्षा 12 की प्री बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा जनवरी में होंगी। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में में होगी। विद्यालयों को प्री बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा की सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग व डीवीआर सुरक्षित रखनी होगी। विभाग विद्यालयों से कभी भी मांग सकता है।
गृह परीक्षा प्री बोर्ड परीक्षा के साथ
बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा फरवरी में प्रस्तावित है। इसलिए कक्षा नौ व 11 की वार्षिक परीक्षाएं 10 व 12 की लिखित प्री-बोर्ड परीक्षा के साथ 13 जनवरी से 22 जनवरी के मध्य कराई जाएं। विद्यालय तदानुसार व्यवस्था करें। डीआईओएस के अनुसार विद्यालय छात्रों का कोर्स कैलेंडर के अनुसार पूरा कराना सुनिश्चित करें।