बिजनौर। शतरंज को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। अंडर-11 वर्ग की तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को आगाज हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे राउंड तक बालक वर्ग में फर्स्ट बोर्ड पर लखनऊ के प्रणव रस्तोगी मुरादाबाद के आरुष सिंह को पराजित कर आगे रहे। वहीं बालिका वर्ग में फर्स्ट बोर्ड पर प्रयागराज की अनुप्रिया यादव ने लखीमपुर खीरी की रब्बानी सोनी को पराजित किया।
इंदिरा बाल भवन में चल रही अंडर-11 की राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में 21 जिलों के 114 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें 78 बालक और 36 बालिकाएं शामिल हैं। जिले में शतरंज खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। बालक वर्ग में दूसरे बोर्ड पर प्रयागराज के सिवाय सिंह ने काले मोहरों से खेलते हुए गाजियाबाद के अयान जैन को पराजित किया। तीसरे बोर्ड पर मथुरा के पर्व चौधरी ने सहारनपुर के आदित्य त्यागी को पराजित किया। वहीं बालिका वर्ग में द्वितीय बोर्ड पर गोरखपुर की दीपांजलि श्रीवास्तव ने काले मोहरों से खेलते हुए आगरा की ओमायरा त्रिवेदी को हराया। इस मौके पर मुख्य ऑर्बिटर आनंद सिंह, सह मुख्य ऑर्बिटर आदित्य, आर्विटर एकता, रूपा, ओमकार, वंदना चौहान, अनंत पंवार, सीमा, साक्षी, शुभम शर्मा आदि मौजूद रहे।