नहटौर के गांव गिलाडा में आतिशबाजी से आग लगने से जला घर का सामान।
नहटौर। गांव गिलाड़ा निवासी विनोद कश्यप पुत्र नाथे सिंह का गांव में ही कच्चा मकान है। उसने छप्पर डाल रखा है। मंगलवार की शाम गांव के किसी बच्चे ने आतिशबाजी करते हुए रॉकेट छोड़ा, जो उसके छप्पर आ गिरा। इससे छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। मगर, तब तक घर में रखी तीन हजार की नकदी, कपड़े व खाने पीने का सारा सामान जलकर राख हो गया था। पीड़ित विनोद ने बताया कि उसने भैया दूज के त्योहार के लिए तीन हजार रुपये का इंतजाम किया था, वे भी जल गए। उसने प्रशासनिक अधिकारियों से मुआवजे की मांग की है। ग्राम प्रधान पति उदित चौधरी ने बताया कि मामले से संबंधित अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। पीड़ित की हर संभव मदद की जाएगी।