छोईया नदी में छोड़ दिया प्रदूषित पानी
बिजनौर। एक ओर तेज बारिश हो रही थी, वहीं दूसरी ओर इस बीच रात के अंधेरे में छोईया नदी में प्रदूषित पानी छोड़ दिया गया। एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें छोईया नदी के पास एक डिस्टलरी से पाइप द्वारा पानी नदी में डाला जा रहा है। प्रदूषण विभाग के निगरानी के दावे हवाई नजर आ रहे हैं। आसपास के ग्रामीण प्रदूषित पानी के कारण कैंसर जैसी बीमारी फैलने की शिकायत कई बार कर चुके हैं।
बिजनौर-कोतवाली मार्ग पर छोईया नदी पिछले काफी समय से फैक्टरी के प्रदूषित पानी से दम तोड़ रही है। भले ही प्रदूषण विभाग के आंकड़े छोईया का पानी का स्वच्छ बता रहे हों, लेकिन हकीकत में हालात बहुत बदतर हैं। नियमों की मानें तो डिस्टलरी से प्रदूषित पानी बाहर नहीं निकलना चाहिए, लेकिन रात के अंधेरे में नियम तोड़ सारा पानी छोईया में डाला जा रहा है। पिछले चार दिन से हो रही बारिश के दौरान भी एक डिस्टलरी ने पाइप लगाकर प्रदूषित पानी छोईया नदी में डाल दिया, जो बारिश के पानी के साथ गंगा में पहुंच गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कई ग्रामीणों ने रात में ही इसकी वीडियो बना ली और दिल्ली प्रदूषण विभाग को भेज दी है। कमाल यह है कि स्थानीय प्रदूषण विभाग को इसकी भनक तक नहीं है।
लगातार हो रहीं प्रदूषण से मौत : निपेंद्र देशवाल
खासपुर नवादा निवासी अधिवक्ता निपेंद्र देशवाल ने बताया कि लगातार छोईया नदी में प्रदूषित पानी डाला जा रहा है। अब बारिश के दौरान फिर से प्रदूषित पानी नदी में छोड़ा गया है, जिसकी वीडियो भी उपलब्ध है। सौ से ज्यादा लोग आसपास के कई गांवों में कैंसर से मर चुके हैं। प्रदूषण विभाग की मिलीभगत के कारण कोई कार्रवाई नहीं होती। हादरपुर, गड़ाना, मोमीनपुर, अगरी और शाहपुर जमाल समेत दर्जनों गांवों में नलों के पानी का रंग भी बदल चुका है। यदि प्रशासन इस पर कार्रवाई नहीं करता तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।
मामले को देखा जाएगा : एई
प्रदूषण विभाग के एई माहिर हुसैन ने बताया कि छोईया नदी के किनारे तीन यूनिट लगी हैं। पानी किस यूनिट से डाला गया, यह दिखवाया जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदूषण विभाग को देंगे कार्रवाई के निर्देश : एडीएम
एडीएम प्रशासन विनय कुमार ने बताया कि यदि नियम विरुद्ध कुछ किया जा रहा है तो गलत हैं। इस मामले में प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी से जवाब मांगा जाएगा। साथ ही कार्रवाई के लिए निर्देश भी दिए जाएंगे।