बिजनौर में सीओ कार्यालय में कंट्रोल रूम के शुभारंभ पर जानकारी लेते एसपी नीरज कुमार जादौन।
बिजनौर। शहर के चप्पे चप्पे पर अब पुलिस की नजर रहेगी। शहर में लगाए गए सीसीटीवी और पुलिस की गाड़ियों पर लगे कैमरों और जीपीएस को भी कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। इस इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम का रविवार को शुभारंभ कर दिया गया। डेल्टा और चार्ली कंट्रोल को भी एक ही कमरे में कर दिया गया है।
रविवार को एसपी नीरज कुमार जादौन ने सीओ सिटी ऑफिस के भवन में बने कंट्रोल रूम का शुभारंभ किया। बता दें कि इस कंट्रोल रूम में बड़ी स्क्रीन लगी है। जिसे पुलिस अफसरों की गाड़ियों, डायल 112 की गाड़ियों में लगे जीपीएस और डैशबोर्ड कैमरों से जोड़ा गया है। वहीं शहर के मुख्य चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, इन्हें भी कंट्रोल रुम से जोड़ा गया है। कंट्रोल रूम में लगी स्क्रीन से वाहनों की लोकेशन पर लगातार नजर रखी जाएगी।
वहीं घटनास्थल पर घट रही घटना को इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम के माध्यम से रिकॉर्ड किया जाएगा। शुभारंभ के साथ ही कंट्रोल रूम को चालू कर दिया गया। बाकायदा पुलिसकर्मियों को काम बांट दिया गया है। शहर में लगाए गए सीसीटीवी से कंट्रोल रुम मेें बैठकर संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। इस दौरान एसपी नीरज कुमार जादौन ने संबंधित को दिशा निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि बिजनौर पुलिस को और अधिक सक्रिय और जिम्मेदार बनाने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। चार्ली और डेल्टा कंट्रोल को भी एक ही कमरे में कर दिया है। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक शिव बालक वर्मा भी मौजूद रहे। वहीं एएसपी देहात रामअर्ज ने भी कंट्रोल रूम का मौका मुआयना किया।