बिजनौर। जिले में 32 केंद्रों पर शनिवार को दो पालियों में पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा संपंन हुई। परीक्षा को लेकर निगरानी के कड़े इंतजाम किए गए। पहले दिन दोनों ही पालियों में 31527 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 969 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। आज रविवार को भी जिले के 32 केंद्रों पर परीक्षा होगी।
शनिवार को सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़नी चालू हो गई थी। पहली पाली में दस बजे परीक्षा हुई जबकि दूसरी पाली में तीन से पांच बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, एएसपी देहात राम अर्ज समेत सभी सीओ लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते रहे। जिन्होंने सुरक्षा और निगरानी के इंतजामों का जायजा लिया।
पहली पाली में 16248 को परीक्षा देनी थी मगर 491 अभ्यर्थी अनुपस्थित हो गए। ऐसे में पहली पाली में 15757 ने परीक्षा दी जबकि दूसरी पाली में 15770 अभ्यर्थी शामिल हुए। दूसरी पाली में 478 ने परीक्षा छोड़ दी।
- नहटौर में दो केंद्रों पर हुई परीक्षा
नहटौर। नहटौर में दो केंद्रों पर परीक्षा हुई। एसपी नीरज जादौन ने दोनों केन्द्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नगर में एसएनएसएम इंटर काॅलेज व एचएमआई इंटर काॅलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा निर्धारित समय व कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच सम्पन्न हुई। एसपी नीरज कुमार जादौन, एसपी पूर्वी धर्मसिंह मार्चाल व सीओ धामपुर सर्वम सिंह ने दोनों केंद्रों का दौरा किया। केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों व परीक्षा ड्यूटी सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्र के आसपास की दुकानें बंद रही।
- परीक्षा केंद्र के सामने घोड़ी से उतर गया दूल्हा, पैदल चला
नगीना। हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य यशवीर सिंह ने बताया कि उनके परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली में 384 में से 374, दूसरी पारी में 384 में से 373 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। एमएम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शाहिद अली गौहर ने बताया कि उनके यहां प्रथम पाली में 480 में से 458 ,दूसरी पाली में 480 में से 467 में परीक्षा दी। एलआरएस महिला महाविद्यालय के प्रबंधक राकेश अग्रवाल ने बताया कि उनके केंद्र पर प्रथम पाली में 480 में से 474 व दूसरी पाली में 480 में से 468 ने परीक्षा दी। एसपी नीरज कुमार जादौन ने तीनों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी देश दीपक सिंह व थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर मौजूद रहकर नजर बनाए रखी।
शनिवार की दोपहर प्रथम पाली के समय एक युवक की बारात चढ़ रही थी। जब उसकी बारात एमएम इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के करीब पहुंची तो दूल्हा घोड़ी से उतरकर परीक्षा केंद्र के सामने पैदल ही जाता दिखाई दिया। दूल्हे को अन्य बरातियों के साथ पैदल जाता देख यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।