संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। बिजनौर में बसने वाली बोक्सा जनजाति के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन का बड़े पर्दे पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।
एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दिन में 12 बजे के बाद बोक्सा जनजाति के लोगों को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि जनपद के अलग-अलग आठ गांव में निवास करने वाले 800 लोगों को इस कार्यक्रम के लिए बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर मुख्य अतिथि के तौर पर गांव में होने वाले इस कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। जबकि प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल, भाजपा विधायक कुंवर सुशांत सिंह और जिले के आला अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के लाभार्थियों से सीधा संवाद करने की भी संभावना है, इसके लिए भी कई लोगों को चिन्हित कर दिया गया है। इसके साथ ही गांव में कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। महिलाओं की गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार भी कराया जाएगा।
बता दें कि पीएम जन मन कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोक्सा जनजाति के समुदाय से जुड़ रहे हैं। कार्यक्रम में बॉक्सा जनजाति के 20 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र का वितरण किया जाएगा बता दें कि बिजनौर में बॉक्सा जनजाति के आठ गांव है, जिनमें 815 परिवारों की कुल जनसंख्या 3527 है। अफजलगढ़ ब्लॉक में कुआं खेड़ा, कोतवाली ब्लॉक में औरंगज़ेबपुर साहली, ढकिया बावन सराय, भोगपुर, बगनाला और भूमि दान कॉलोनी है जबकि नजीबाबाद में मेदूवाला और चतरूवाला में भी बॉक्सा जनजाति निवास करती करती है।
इस जनजाति के सबसे ज्यादा परिवार 337 बावन सराय में रहते हैं। पीएम के संवाद कार्यक्रम को लेकर पिछले कई दिनों से विभाग की अधिकारियों ने बावन सराय में डेरा डाला हुआ था, सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाया गया। इसके साथ ही गांव की अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने का काम पिछले कई दिनों से किया जा रहा था।