वृक्षों को रक्षासूत्र बांधकर लिया संकल्प
रेहड़ । अमानगढ़ वन रेंज में वृक्षों को राखी बांधकर उनके संरक्षण की शपथ ली गई। इस मौके पर लोगों को भी पौधों के रखाव के लिए जागरूक किया गया।
रेंजर अमानगढ़ राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि वन विभाग की ओर से 22 अगस्त से 29 अगस्त तक रक्षा सूत्र सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत सप्ताह भर वनकर्मी लोगों के सहयोग से विरासत एवं रोपित पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा के लिए प्रेरित करेंगे। इस मौके पर वनकर्मियों द्वारा प्राचीन बरगद, बहेड़ा, हल्दू आदि के पेड़ों को विरासत वृक्ष घोषित कर उन्हें रक्षा सूत्र बांधे गए। साथ ही पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण की शपथ ली गई। पौधों को संरक्षित रखने के लिए वन रेंज के अलावा क्षेत्र में भी अभियान को गति दी जाएगी। इस अवसर पर वनकर्मी और ग्रामीण उपस्थित रहे।