बिजनौर। हीमपुर दीपा क्षेत्र में ग्राम पिलाना में गुलदार की तस्वीर ट्रैप कैमरों में कैद हो गई। उसने एक दिन पहले वहां एक पशु को मारा था। वन विभाग ने मचान बनाकर गुलदार को बेहोश कर पकड़ने के लिए टीम तैनात कर दी है।
ग्राम पिलाना में गुलदार ने एक वृद्ध महिला को मार डाला था। एक माह में इस गांव में दो इंसानों की जान गुलदार ले चुका है। वन विभाग ने गुलदार की तलाश को ट्रैप कैमरे लगाए थे। इसमें बुधवार की रात गुलदार की तस्वीर ट्रैप कैमरों में देखी गई। जिस जानवर को गुलदार ने मारा था, उसे पिंजरे में रखवा दिया गया है। एसडीओ ज्ञान सिंह ने बताया कि पगमार्क प्लास्टर ऑफ पेरिस से उठाए गए हैं। घटना स्थल पर मिले पगमार्क से इसका मिलान होगा। मचान बनाकर टीम तैनात कर दी गई है। जैसे ही गुलदार दोबारा यहां आएगा, उसे पकड़ लिया जाएगा।
पीछे दौड़ा गुलदार, मंदिर में घुसकर जान बचाई
हल्दौर। गांव शफीपुर नंगली के जंगल में मनोकामना सिद्धपीठ बाबा झारखंडी मंदिर स्थित है। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार की देर शाम सौपाल सिंह, बबलू सिंह, सुशील कुमार पैदल मंदिर में पूजा-अर्चना करने जाते हुए रास्ते में गुलदार ने हमला कर घायल करने का प्रयास किया। भक्तों ने मंदिर में घुसकर अपनी जान बचाई और मामले की सूचना वन विभाग की टीम को दी। सुशील कुमार, बाबूराम, मोहित कुमार, मोनू कुमार, अश्वनी कुमार उर्फ भोले आदि ग्रामीणों ने वन विभाग टीम से पिंजरा लगवाकर गुलदार पकड़वाने की मांग की है। वन रेंजर महेश गौतम का कहना है कि टीम भेजकर मामले की जांच कराई ज रही है।