प्रबंधक की तहरीर पर लिपिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर (बिजनौर)। जनता फार्मेसी कॉलेज के लिपिक पर 22 लाख के गबन का आरोप है। मामले में पुलिस ने प्रबंधक की तहरीर पर लिपिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कॉलेज प्रबंधक जियाउद्दीन ने तहरीर में बताया कि कॉलेज में करीब दस वर्षों से कार्यरत लिपिक धीरेंद्र सिंह ने छात्रों से ली गई करीब 22 लाख की फीस को जमा नहीं किया। आरोप है कि प्रबंधक ने जब पैसों को जमा कराने की बात कही तो लिपिक ने अपने अज्ञात साथियों के साथ वरिष्ठ लिपिक लोकेश कुमार के साथ मारपीट की। साथ ही कॉलेज के प्रबंधक को भी गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले में पुलिस ने लिपिक धीरेंद्र कुमार पुत्र खचेडू सिंह निवासी इब्राहिमपुर धौलागढ़ थाना नूरपुर के रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार वशिष्ठ ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है।