बिना हेलमेट वालों को नहीं मिलेगा पेट्रोल
बिजनौर। अगर हेलमेट नहीं लगाया तो पेट्रोल पंपों पर बाइक सवारों को तेल भी नहीं मिलेगा। यह आदेश अफसरों ने यातायात माह के समापन पर आयोजित हुए कार्यक्रम में ही जारी कर दिए। वहीं बाइक सवारों को हेलमेट वितरित किए गए, जबकि जो वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करते नजर आए, उनका फूल देकर स्वागत किया।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि सड़क दुर्घटना देश में एक बहुत बड़ी समस्या का रूप धारण कर रही है। बीमारियों से इतनी मौत नहीं होती, जितनी सड़क हादसों में हो जाती हैं। अगर यातायात नियमों का पालन किया जाए तो जान बच सकती है। कहा कि इस समस्या से निपटने का बेहतरीन उपाय यातायात के नियमों का गंभीरता के साथ पालन करना है। अपनी एवं दूसरों की जिंदगी की सुरक्षा के लिए दो पहिया वाहन चालक हेलमेट तथा कार चालक सीट बेल्ट जरूर लगाएं।
एसपी दिनेश सिंह ने कहा कि बाइक चलाने वालों को हेलमेट जरूर लगाना चाहिए। चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का निश्चित रूप से प्रयोग करें। कहा कि नशे की हालत में कार या बाइक नहीं चलानी चाहिए। बाइक पर दो से अधिक सवारी नहीं होनी चाहिए। वाहन चलाते समय किसी भी हालत में मोबाइल का प्रयोग नहीं करें। यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क हादसों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
दूर की जाएंगी सड़कों की खामियां
डीएम उमेश मिश्रा ने लोक निर्माण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए, जिसमें कहा गया कि जिन जगहों पर अक्सर सड़क हादसे होते हैं, उनका चिह्निकरण कर वहां पर विशेष सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। अगर सड़क में कोई तकनीकी खामी है तो उसे दूर किया जाए। नेशनल हाईवे पर किसी भी हालत में अतिक्रमण नहीं होना चाहिए।
यातायात माह के समापन पर हुआ कार्यक्रम
यातायात माह के समापन पर विकास भवन के पास कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें डीएम और एसपी के अलावा एएसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक शिव बालक वर्मा, सीओ सिटी अनिल कुमार, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।