धामपुर/ कालागढ़। मंगलवार की देर रात करीब 1: 57 मिनट पर आए भूकंप के झटकों से लोग सहम गए। जागकर रात गुजारी। उधर, कालागढ़ में भूकंप को लेकर रामगंगा बांध एवं सैडिल बांध की सुरक्षा को लेकर अधिकारी चिंतित रहे। दोनों ही बांध सुरक्षित हैं।
धामपुर और कालागढ़ में रात को 1: 57 एवं 1: 59 मिनट पर भूकंप के दो झटके महसूस हुए। भूकंप के झटकों के लगने से लोगों में दहशत फैल गई। लोग अपने कमरों से निकल कर बाहर आ गए। शुगर मिल में कार्यरत पंकज कुमार शर्मा, धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जैसे उन्हें भूकंप के झटके महसूस हुए तो उन्होंने घर के सभी सदस्यों को शोर मचा जगा दिया। सभी घर से बाहर निकल कर खुले में आ गए। झटके बंद होने के बाद भी वह नहीं सोए।
केन्द्रीय कॉलोनी निवासी गजेंद्र सिंह, राजेश सिंह, बलवीर आदि ने भी यही बात कही।
रामगंगा बांध व सैडिल बांध पर दौड़े अधिकारी
भूकंप की तेज झटकों को लेकर रामगंगा बांध व सैडिल बांध के अधिकारी सुबह होते ही बांध क्षेत्रों के निरीक्षण में लगे रहे। सैडिल बांध पर सहायक अभियंता मनोज कुमार लिखवार, स्टील ब्रिज पर रोहित कुमार ढाका एवं रामगंगा बांध पर पहले से मौजूद अधिकारी भूकंप का प्रभाव देखते नजर आए। रामगंगा बांध के ईई नीरज कुमार त्यागी व सैडिल बांध के ईई ब्रजेश कुमार ने बताया कि बांध एवं बांध के रास्ते, गैलरी आदि सभी सुरक्षित हैं।