जलभराव और कीचड़ से जूझ रहे साहबपुरा उमराव के लोग
मंडावली। गांव साहबपुरा उमराव में एक दशक से ग्रामीण मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की समस्या से जूझ रहे हैं। समस्या के निस्तारण के लिए ग्रामीणों ने विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिधियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आज भी ग्रामीणों की समस्या जस की तस बनी हुई हैं।
मंडावली क्षेत्र की ग्राम पंचायत साहबपूरा उमराव में आवाजाही के लिए दो मुख्य मार्ग हैं। एक मार्ग प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सामने से होकर गांव पहुंचता है, जबकि दूसरा मार्ग प्राथमिक विद्यालय के पीछे से होकर गांव में पहुंचता है। पहले मार्ग पर ग्रामीणों की शिकायत के बाद जल निकासी की व्यवस्था करा दी गई थी, लेकिन दूसरे मार्ग पर आज भी जलभराव और कीचड़ की समस्या ज्यों की त्यों है।
ग्रामीण शमशाद अहमद, नदीम, राजेंद्र सिंह, राकेश, लक्ष्मी देवी, मुन्नी का कहना है कि इस मार्ग पर 18 वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत की ओर से खड़ंजा लगाया गया था, लेकिन दोनों ओर नालियां नहीं बनवाई गई। जल निकासी न होने से मार्ग पर साल भर जलभराव रहता है। बारिश होने पर मार्ग का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। जलभराव होने से ग्रामीणों को मार्ग पर आवाजाही में परेशानी होती है।
उधर, ग्राम प्रधान इमराना का कहना है कि समस्या के संबंध में विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए हैं। विधायक तसलीम अहमद ने नवंबर माह के बाद मार्ग को पक्का कराने का आश्वासन दिया है।
मंडावली के गांव साहबपुरा उमराव में मार्ग पर जलभराव और कीचड़।- फोटो : NAZIBABAD