बिजनौर। खनन सामग्री उड़ेल कर डंपर को नीचे किए बिना ही आगे बढ़ा दिया गया। बिजली लाइन से टच होने की आशंका पर लोगों ने शोर भी मचाया और डंपर को नीचे करने का इशारा भी किया। मगर चालक समझ ही नहीं पाया और पलभर में दो जिंदगियां खत्म हो गईं।
डंपर चालक और बतौर परिचालक सहायक का काम कर रहा डंपर स्वामी का पुत्र दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। सोमवार को रोज की तरह खनन सामग्री लेकर नूरपुर आए थे। यहां धामपुर मार्ग स्थित एक धर्म कांटे पर डंपर से रेत उतारा जा रहा था। जैसे ही चालक ने खाली डंपर को आगे बढ़ाया तो ऊंचा उठा हुआ खाली डंपर करीब 15 मीटर ऊंचाई पर गुजर रही 11 हजार की विद्युत लाइन से छू गया। देखते ही देखते गाड़ी में बैठा चालक बुरी तरह झुलस गया, साथ ही गाड़ी के पीछे खड़ा डंपर मालिक का बेटा सुहैल भी नीचे भरे पानी में दौड़े करंट का शिकार हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने विद्युत विभाग को आपूर्ति बंद करने की सूचना दी। आपूर्ति बंद होने के बाद दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
- बिजली लाइनों के नीचे और सड़क किनारे चल रहा रेत का व्यापार
जिले में अधिकांश जगहों पर रेत बजरी का व्यापार सड़क किनारे चल रहा है। उधर बिजली की लाइनें भी सड़क किनारे ही हैं। इन जगहों पर जब खनन सामग्री मंगाकर उतारी जाती है, तो बिजली लाइन से टच होने का खतरा बना रहता है। उधर, सड़क किनारे पर अवैध रूप से डाले जाने वाले रेत बजरी से अन्य आकस्मिक हादसे भी किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं हैं।