पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष जा चुके थे
संवाद न्यूज एजेंसी
नींदडू। बरात की चढ़त के दौरान बुधवार की रात मस्जिद के दरवाजे के सामने आतिशबाजी छोड़ने पर मोहल्ले के लोग भड़क गए। गाली-गलौज और हाथापाई हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष जा चुके थे।
बुधवार की रात बुध बाजार से एक बारात मोहम्मद अलीपुर भिक्कन में एक व्यक्ति के यहां गई थी। बरातियों को मालूम नहीं था कि नींदडू खास, बाजीदपुर-बीरू और मोहम्मद अलीपुर भिक्कन के उलमा ने शादी बारात में आतिशबाजी समेत कई रीति-रिवाजों पर पाबंदी लगा रखी है।
बरातियों ने उमर मस्जिद के दरवाजे के सामने आतिशबाजी छोड़नी शुरू कर दी। इस पर मोहल्ले के कुछ लोग नाराज हो गए। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष के लोगों में बहस, गाली-गलौज के बाद हाथापाई की नौबत आ गई।
एक व्यक्ति ने तहरीर पुलिस चौकी पर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। शांति व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस तत्काल मौके पर पहंची, लेकिन तब तक आरोपी मौके से जा चुके थे। उधर, उलमा ने आतिशबाजी छोड़ने से रोकने पर गाली-गलौज करने व मारपीट पर उतारू होने की घटना पर अफसोस का इजहार किया।