पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा की जोनवार होगी निगरानी
परीक्षा क्षेत्र को 03 जोन व 05 सेक्टर में बांटा गया
डीएम ने की परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा
बिजनौर। पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 14 मई को है। परीक्षा के लिए 09 केंद्र बने हैं। 4000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। डीएम उमेश मिश्रा ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की है। बैठक में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों ने प्रतिभाग किया।
डीएम उमेश मिश्रा ने निर्देश दिए कि परीक्षा निष्पक्ष तथा शुचिता पूर्ण होनी है। अधिकारी केंद्रों पर जाकर परीक्षा से पहले आयोग की गाइडलाइंस का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। इसी क्रम में अधिकारी पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा केंद्रों के ताबड़तोड़ निरीक्षण कर रहे हैं। एडीएम प्रशासन विनय कुमार तथा डीआईओएस रामाज्ञा कुमार सभी 09 केंद्रों का निरीक्षण कर चुके हैं।
डीएम ने विदुर सभागार में 12 म ई को तैयारियों की समीक्षा के लिए परीक्षा से जुड़े अधिकारियों की बैठक में कहा कि परीक्षा के बारे में लोक सेवा आयोग से जो निर्देश मिले हैं उनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी अधिकारियों की है। परीक्षा केंद्रों पर सभी तकनीकी सुविधाएं अपडेट होनी चाहिए। पेयजल, शौचालय आदि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहे।
तीन जोन में बांटकर होगी निगरानी
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 14 मई को है। परीक्षा के लिए 09 केंद्र है। डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार परीक्षा केंद्र क्षेत्र को 03 जोन में बांटा गया है। जोनल मजिस्ट्रेट सतत निगरानी रखेंगे। डीआईओएस कार्यालय के मुताबिक 05 सेक्टर है। तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्र का रुट भ्रमण कर चुके हैं। स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा के दौरान दायित्वों से अवगत करा दिया गया है। ।