-बस में खिड़की के पास खड़ा था युवक, नीचे गिरते ही पहिए के नीचे आया
संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात। रोडवेज बस चालक द्वारा तेज गति से कट करने पर बस में खड़ा व्यक्ति गिर गया। बस के नीचे आने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम बरूकी निवासी आसिफ पुत्र हयास (36)अपनी पत्नी के साथ बरुकी से कोतवाली देहात जा रहा था। वह बस के अंदर खड़ा था। जैसे ही बस एमपीएस ग्लोबल स्कूल के सामने आई बस में बैठे यात्रियों के अनुसार वैसे ही बस चालक ने तेज कट मार दिया। तेज गति से कट लगने के कारण संतुलन बिगड़ने पर बस में खड़ा आसिफ बस से नीचे आ गिरा। आसिफ ने बस में लगा हत्था पकड़ा। लगभग 25 मीटर तक आसिफ सड़क पर घिसटता चला गया। बस के नीचे आ जाने से आसिफ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बस का चालक तथा परिचालक बस को छोड़कर फरार हो गए। आसिफ की पत्नी आरजू साथ ही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया लेकिन तब तक आसिफ मौके पर ही दम तोड़ चुका था। मौके पर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक आसिफ अपने पीछे मां, पत्नी तथा पांच बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया है।
खुश मिजाज था आसिफ नहीं थी ऐसे अंत की उम्मीद
आसिफ अपनी रिश्तेदारी में नहटौर जाने के लिए अपनी पत्नी आरजू तथा दो बेटियों के साथ घर से निकला था। बरुकी से बस में बैठा। शादीपुर से आगे निकलते ही वह दुर्घटना का शिकार हो गया। आसिफ मजदूरी करता था। बस के यात्रियों के अनुसार बस का चालक बेहद लापरवाही से बस चला रहा था।