बिजनौर, पैजनिया। गांव टांडा में एक किसान के खेत में खड़े आम के पेड़ पर गुलदार बैठा देख ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई। ग्रामीणों ने पेड़ पर बैठे गुलदार का वीडियो बना कर उपजिलाधिकारी चांदपुर मनोज कुमार और वन विभाग के अधिकारियों को भेजा है।
ग्रामीणों का कहना है कि टांडा के जंगल में तीन गुलदार देखे जा रहे हैं, लेकिन वन विभाग द्वारा अभी तक गुलदार पकड़ने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों पवन त्यागी, रजत त्यागी, टीकू त्यागी, मुन्ने त्यागी, विरेश कुमार आदि ने बताया कि खेतों के आसपास गुलदार देखे जाने से खेतों पर भी नहीं जा पा रहे हैं, जिससे पशुओं के लिए चारे की समस्या पैदा होने लगी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र इन गुलदारों को पकड़वाने की मांग की है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि सूचना मिली है और वन विभाग के डीएफओ को सूचित कर दिया गया है, जल्दी गांव के खेत पर पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़वाया जाएगा। उन्होंने बताया है कि क्षेत्र में गुलदार देखे जा रहे हैं किसानों से अपील है कि टोली बनाकर खेतों में जाए और सतर्क रहें।