रेहड़। मौजा कलां रामपुर में लगातार गुलदार दिखाई देने से किसानों में भय व्याप्त है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छोड़ने की मांग की है। छतरी पट्टा के मौजा कलां रामपुर में पिछले एक पखवाड़े से गुलदार दिखाई दे रहा है। क्षेत्र के कासमपुरगढ़ी, मानियावाला, माधोवाला आदि कई गांवों के किसानों ने कलां रामपुर व आसपास में खेती की जमीनों पर अपने डेरे बना रखे हैं। जहां वह अपने पशु भी पालते हैं। नवाब खान, शफीक,कश्मीर, रियासत आदि ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से अधिक से शाम होते ही गुलदार खेतों के आसपास मंडराने लगता है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छोड़े जाने की मांग की है। रेंजर अमानगढ़ प्रदीप कुमार शर्मा ने मौके पर टीम भेजने का आश्वासन दिया है।