नांगलसोती के गौसपुर में जलस्तर बढ़ने से तटबंधों के ऊपर से गुजरता गंगा नदी का पानी।
- फोटो : NAZIBABAD
गौसपुर में भूमि कटान से किसानों में दहशत
नांगलसोती/नजीबाबाद। गांव गौसपुर में गंगा नदी कृषि भूमि का कटान कर रही है। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव पर फिर से कटान का खतरा मंडराने लगा है, जिससे किसानों में दहशत का माहौल है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने से शुक्रवार को गांव गौसपुर में गंगा नदी का जलस्तर फिर से बढ़ गया। गंगा नदी का जलस्तर इतना बढ़ा कि कटान क्षेत्र में बने अस्थायी तटबंध और उसकी बल्लियां भी पानी में डूब गईं। वर्तमान में गंगा नदी का पानी तटबंधों से चार फीट ऊपर से गुजर रहा है। अस्थायी तटबंधों ने गांव की ओर बढ़ता कटान तो रोक दिया, लेकिन नदी ने अब तटबंधों से आगे किसानों की कृषि भूमि का कटान शुरु कर दिया है। शुक्रवार को गंगा नदी से किसान सत्यपाल सिंह, हरपाल सिंह, सतीश, सुरेश, कलवा की कृषि भूमि का कटान हुआ। ग्रामीण भूपेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान राजेश सिंह, नरेश कुमार, पीतम सिंह, विपिन, अवनीश का कहना है कि गंगा नदी पिछले एक दशक से गौसपुर में कटान कर रही है। सिंचाई विभाग की ओर से कटान रोकने के लिए 19 अस्थायी तटबंध बनाए गए हैं, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने से गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिससे गौसपुर के कटान क्षेत्र में कई मिट्टी के टीलों में दरारें आ गईं हैं। यदि नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो गांव की ओर भी कटान होना निश्चित है। ग्रामीणों ने शासन से कटान क्षेत्र में जल्द पक्के तटबंध बनाने में मांग की है।