अवैध वसूली के आरोप में पंचायत सचिव निलंबित
कोतवाली देहात। ग्राम पंचायत सैदपुरा गज्जू की ग्राम प्रधान राजवती देवी के पति वीरेंद्र कुमार ब्लॉक कोतवाली में ही पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में उन पर न्याय पंचायत तुख्मापुर हरवंश की ग्राम पंचायत तुख्मापुर हरवंश, महेशपुर व कस्बा कोटरा का चार्ज है। पंचायत सचिव पर शौचालय निर्माण व आवासहीनों के आवास बनाने के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप था। इसमें उनके शौचालय निर्माण के चेक काटने से पूर्व पांच सौ रुपये प्रति शौचालय लेने की वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो के आधार पर जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने वीरेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। प्रकरण की जांच ब्लॉक नजीबाबाद में तैनात सहायक विकास अधिकारी पंचायत को सौंपी है। जांच अधिकारी को आदेशित किया कि वह एक माह के अंदर जांच रिपोर्ट दें। तब तक निलंबित पंचायत सचिव को ब्लॉक नजीबाबाद कार्यालय में संबद्ध कर दिया है।