वित्तीय अनियमितताओं में पंचायत सचिव निलंबित
बिजनौर। ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितताएं मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब रकम निकाल लिए जाने के बाद भी सामान की खरीदारी नहीं करने का मामला पकड़ में आया है। जिस पर पंचायत के सचिव को निलंबित कर दिया गया है।
बुधवार को सीडीओ पूर्ण बोरा ने विकास भवन सभागार में ग्राम पंचायत सचिवों के कामकाज की समीक्षा की। समीक्षा में पाया कि पूर्व में मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक की ग्राम पंचायत बुडगरा में सुबोध कुमार पंचायत सचिव तैनात थे। सचिव ने पंचायत सचिवालय में फर्नीचर, कंप्यूटर व अन्य उपकरण खरीदने के लिए पंचायत खाते से पौने दो लाख रुपये निकाले। निकाली गई धनराशि ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर प्रदर्शित है। आरोप है कि पूर्व सचिव सुबोध कुमार ने निकाली धनराशि से सचिवालय के लिए सामान नहीं खरीदा। सीडीओ ने वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में सुबोध कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश डीपीआरओ को दिए। सीडीओ ने ग्राम प्रधानों की ओर से पंचायत सचिवों के व्यवहार को लेकर की गई शिकायतों को गंभीरता से लिया। सचिवों से कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ अच्छा व्यवहार करें। प्रधानों के साथ तालमेल बनाकर काम करें और विकास कार्यों को गति दें।