बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की मंगलवार को गन्ना समिति बिजनौर प्रांगण में मासिक पंचायत हुई। पंचायत में किसान नेताओं ने कहा कि चीनी मिलों द्वारा स्वीकृत गन्ना प्रजातियां न लिए जाने तथा इनकी बुवाई पर रोक लगाने का विरोध किया। साथ ही बिलाई मिल से बकाया गन्ना मूल्य भुगतान 14 दिन के भीतर कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। पंचायत में जनपद में जर्जर बिजली लाइनों को शीघ्र दुरुस्त करने और कृषि कार्य के लिए एक निर्धारित शेड्यूल में विद्युत आपूर्ति देने की आवश्यकता पर जोर दिया। आवारा पशुओं एवं जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा तथा नहरों में शीघ्र सिंचाई जल छोड़े जाने की मांग भी रखी गई। जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के तहत बरसात के मौसम में 2000 पीपल व बरगद के पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। युवा प्रदेशाध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। जिला महासचिव नितेंद्र सिंह के संचालन में हुई पंचायत में अतुल बालियान, रामपाल मुखिया, दुष्यंत राणा, तेजवीर सिंह, राकेश प्रधान, हुकम सिंह, देवानंद भूमिहार, ऋषि पाल सिंह, नीटू चौधरी आदि रहे।