- सीसी रोड के निर्माण और चौड़ीकरण के दौरान चबूतरों को तोड़ने पहुंची जेसीबी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
हल्दौर। सीसी रोड के निर्माण और चौड़ीकरण के दौरान घरों के बने पक्के चबूतरों को जेसीबी से तोड़ने पर राजस्व विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हुई। बाद में उन्हें पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत किया।
गांव पावटी बस अड्डे से बिजनौर-मुरादाबाद हाईवे मार्ग पर गांव पोटा गांवड़ी मार्ग का चौड़ीकरण कर सीसी रोड निर्माण कार्य किया जा रहा है। गांव फतेहउल्लाहपुर पोटा निवासी ग्राम प्रधान विनय कुमार, पूर्व ग्राम प्रधान दिलावर सिंह, सूरज सिंह, शोवीर सिंह, चरणसिंह, प्रमोद कुमार, ऋषिराज सिंह आदि ग्रामीणों ने डीएम उमेश मिश्रा से उक्त मार्ग का निर्माण कार्य कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र भी दिया था। 100 मीटर लंबे और 60 फुट चौड़े सीसी रोड के दोनों और किनारों पर पानी की निकासी के लिए चार, चार फुट के नालों का निर्माण कार्य किया जाना है। ग्रामीणों के अनुसार मार्ग के किनारे कुछ लोगों ने अपने घरों के सामने चबूतरों का निर्माण कर रखा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध कब्जा करने के दौरान सड़क किनारे पानी की निकासी के लिए दोनों साइड की ओर चार, चार फुट की नाली बनने से रास्ता तंग हो जाएगा। डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार की शाम करीब तीन बजे राजस्व विभाग की टीम व पुलिस मौके पर पहुंचे।
जेसीबी मशीन से नाला निर्माण के लिए मार्ग के किनारे नींव खोदने के लिए चबूतरे तोड़ने शुरू कर दिए। इस पर कुछ लोग अपने-अपने चबूतरे तोड़ने के विरोध में उतर आए। दुकानदारों ने अपने सामान हटाने के लिए समय मांगा। आक्रोशित लोगों व राजस्व विभाग की टीम से नोकझोंक हुई। चांदपुर नायब तहसीलदार श्याम सुंदर बैस, कानूनगो महिपाल सिंह, योगेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, राजीव भटनागर, हलका लेखपाल रणवीर सिंह, नरेंद्र सिंह फौजी, अक्षय कुमार, विजय कुमार, पुलिस ने मामले को शांत करने का प्रयास किया।
लेकिन उक्त लोग अपनी मांगों को लेकर मौके पर अड़े रहे। कुछ लोग अपने पक्के चबूतरे कतई भी तुड़वाया जाने को राजी नहीं थे। दुकानदारों के अनुसार नायब तहसीलदार श्यामसुंदर बैस ने करीब एक सप्ताह के भीतर अपने चबूतरों पर लगे जाल व अन्य सामान हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसी रोड का निर्माण किसी भी सूरत में मानक के विपरीत नहीं किया जाएगा।