- शिक्षक काली पट्टी बांधकर जताएंगे विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत अध्यापकों को आज से ऑनलाइन हाजिरी लगानी होगी। निदेशालय के आदेश के बाद से शिक्षकों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। उन्होंने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा कर दी है। सोमवार से काली पट्टी बांधकर विरोध जताया जाएगा।
सोमवार से परिषदीय शिक्षकों को स्वयं के साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति भी ऑनलाइन लगानी होगी। इसके साथ ही अन्य पंजिकाओं को भी डिजिटल करना होगा। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी नौबहार सिंह ने कहा कि शिक्षक-कर्मचारियों की आनलाइन उपस्थिति उनकी निजता का हनन और गैर संवैधानिक है। एसोसिएशन आनलाइन उपस्थिति का पुरजोर विरोध करती है।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शिक्षकों आह्वान किया कि जब तक प्रमोशन, स्थानांतरण और समायोजन जैसे नियमित वार्षिक प्रक्रिया अपूर्ण है, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है तब तक ऑनलाइन हाजिरी का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के रास्ते खराब हैं। जिले के नौ ब्लॉक बाढ़ग्रस्त रहते हैं। शिक्षकों को अन्य कार्य भी करने होते हैं। आठ जुलाई से लागू होने वाले आदेश से शिक्षकों में भारी रोष है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के महामंत्री प्रशांत कुमार का कहना है कि सोमवार से 14 जुलाई तक काली पट्टी बांधकर विरोध किया जाएगा। 15 जुलाई को कलक्ट्रेट में धरना दिया जाएगा।