संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, संस्कृतिक आदि माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं से राज्य व मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन 16 सितंबर से 15 अक्टूबर तक भरे जाएंगे।
शैक्षिक सत्र 2024-25 में राज्य अध्यापक पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के चयन के संबंध में ऑनलाइन आवेदन पत्र मांगे गए। माध्यमिक शिक्षक इसके लिए आवेदन करेंगे। आवेदन करने वाले शिक्षकों को आवेदन पत्र की एक कॉपी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करना है। दोनों पुरस्कारों की घोषणा दिसंबर में होने की संभावना है। कार्यालय के अनुसार वर्ष 2011 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार जीआईसी बिजनौर के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र शर्मा को मिला था।
उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव ने बताया कि सभी प्रधानाचार्यों को पत्र भेज दिए गए हैं। इच्छुक शिक्षक, शिक्षिकाएं वर्तमान शैक्षिक सत्र में मिलने वाले पुरस्कार के लिए आवेदन ऑनलाइन वेबसाइट पर 16 सितंबर से कर सकते हैं। जनपदीय समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं स्थलीय सत्यापन कर पात्र अध्यापकों का चयन कर मंडलीय समिति के प्रस्ताव ऑनलाइन प्रेषित करेगी।