- मूल्यांकन में विद्यार्थियों के लेख में सुधार दिखाई पड़ा
- मूल्यांकन में खूब दिया गया है सुंदर लेखन का का नंबर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटर परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन समाप्त हो गया है। परीक्षकों के अनुसार विद्यार्थियों का अच्छा प्रदर्शन रहा। परीक्षा में सुंदर लेखन का एक नंबर देने का सकारात्मक असर दिखाई पड़ा। विद्यार्थियों के लेख में सुधार नजर आया। विद्यार्थियों को सुंदर लेखन का नंबर खूब दिया गया। माना जा रहा है कि सुंदर लेखन का एक नंबर मेरिट व डिविजन में फेरबदल करेगा। साथ ही उत्तीर्ण होने के लिए संजीवनी बनेगा। शिक्षाविदों का मानना है कि व्यवस्था सभी शिक्षा बोर्ड में शुरू हो।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू हुआ। जो 28 मार्च को समाप्त हो गया। परीक्षकों के अनुसार विद्यार्थियों का प्रदर्शन संतोषजनक रहा। वर्ष 2022 से लागू सुंदर लेखन का एक नंबर दिए जाने की व्यवस्था का सकारात्मक असर दिखाई पड़ा। विद्यार्थियों का लेख सुधरा। परीक्षार्थियों को सुंदर लेखन का एक नंबर खूब दिया गया है। माना जा रहा है कि सुंदर लेखन का बंपर संख्या में प्रदान किया जाना टॉप टेन की मेरिट सूची पर असर डालेगा। मेरिट में आने के लिए एक एक नंबर का मुकाबला रहता है।
ऐसे होगा मेरिट पर असर
हाईस्कूल में पांच अनिवार्य विषय तथा एक वैकल्पिक विषय अर्थात कुल छह विषय होते हैं। यदि विद्यार्थी को सभी छह विषय में सुंदर लेखन का एक-एक नंबर मिलता है तो संपूर्ण प्राप्तांक योग में छह नंबर बढ़ेंगे। इसी प्रकार इंटर में पांच विषय होते हैं। सभी विषयों में स्वच्छ लेखन का एक-एक नंबर मिलने पर संपूर्ण प्राप्तांक योग में पांच नंबर बढ़ेंगे। नंबरों की यह बढ़ोतरी मेरिट को ऊपर नीचे कर सकती है।
सभी शिक्षा बोर्ड में लागू हो व्यवस्था
वर्धमान काॅलेज बिजनौर में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. एसके जोशी का कहना है कि यूपी बोर्ड ने परीक्षा में सुंदर लेखन का एक नंबर दिए जाने की अच्छी परंपरा शुरू की है। यह व्यवस्था सभी बोर्ड में शुरू हो। उनका तर्क है कि सीबीएसई स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का हिंदी का लेख अमूमन खराब होता है। इस व्यवस्था के लागू होने से विद्यार्थियों में सुंदर लेखन की मूल प्रवृत्ति को प्रोत्साहन मिलेगा।