आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नजीबाबाद में ही तैयार होगा पोषाहार
नजीबाबाद/जलालाबाद। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के समूहों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए जलालाबाद क्षेत्र में टीएचआर प्लांट स्थापित किया जाएगा। एनआरएलएम स्वयं सहायता समूह के सहयोग से स्थापित प्लांट को सरकार से 80 लाख रुपये का राशन उपलब्ध कराएगी।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन स्वयं सहायता समूह के सहयोग से लाखों रुपये की लागत से नगर पंचायत जलालाबाद के गांव बौरेकी में टीएचआर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। एडीओ आईएसबी राजीव कुमार ने बताया कि टेक टू होम राशन प्लांट के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित किए जाने पौष्टिक आहार दलिया, दाल आदि एनआरएलएम के स्वयं सहायता समूह सदस्य प्लांट में तैयार करेंगे। मां अहिल्या प्रेरणा महिला माइक्रो एंटरप्राइज नाम से संचालित प्लांट के लिए सरकार की ओर से 80 लाख रुपये की धनराशि राशन सामग्री के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों से वितरित किए जाने वाले पोषाहार निर्माण से जुड़ा प्लांट में स्वयं सहायता समूह सदस्य पौष्टिक आहार तैयार करने से लेकर धुलाई, पैकिंग आदि समस्त कार्य करेंगे। टीएचआर प्लांट में 24 घंटे कामकाज संचालित होगा।
एडीओ आईएसबी राजीव कुमार के अनुसार योजना को प्रभावी बनाने के लिए एनआरएलएम के स्वयं सहायता समूह को प्लांट में काम करने का मौका मिलेगा। प्लांट स्थापना के लिए ब्लॉक के 50 स्वयं सहायता समूह से 30-30 हजार रुपये की धनराशि एकत्र की गई है। जिन समूह से प्लांट स्थापना के लिए धनराशि सहयोग लिया गया है, उन्हें प्लांट में काम करने की प्राथमिकता दी जाएगी। प्लांट के लाभांश का भी सहयोगी स्वयं सहायता समूह लाभ ले सकेंगे। संवाद
आंगनबाड़ी केंद्र टीएचआर से लेंगे पोषाहार
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग टीएचआर प्लांट में तैयार पोषाहार आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए प्लांट से प्राप्त करेगा। कितना पोषाहार उन्हें चाहिए इसकी पूर्व में जानकारी टीएचआर प्लांट व्यवस्थापकों को उपलब्ध करानी होगी। टीएचआर प्लांट की स्थापना से स्वयं सहायता समूह को स्वावलंबन और आर्थिक दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। फिलहाल एनआरएलएम प्लांट के लिए भवन जलालाबाद क्षेत्र में किराए पर लिया गया है। जल्द ही प्लांट कामकाज शुरू कर देगा।