बढ़ापुर के गांव धरमुवाला मैं पिंजरे में कैद गुलदार
-इस माह चार गुलदार अलग-अलग जगहों पर पकड़े गए
संवाद न्यूज एजेंसी
बढ़ापुर (बिजनौर)। ग्राम धर्मूवाला में लगे पिंजरे में रविवार की रात एक गुलदार कैद हो गया। गुलदार को अमानगढ़ वन रेंज भेजा गया है। इस क्षेत्र में एक माह के भीतर चार गुलदार पकड़े गए है।
दो दिन पूर्व ग्राम धर्मूवाला निवासी सतपाल की पशुशाला से गुलदार गाय के एक बछड़े को उठाकर ले गया था। तलाशने पर एक खेत में बछड़े के शव का आधा भाग पड़ा मिला था। ग्रामीणों की मांग पर रविवार को वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए ग्रामीण चांद सिंह के ईख के खेत में पिंजरा लगाया था। पिंजरे में गुलदार के खाने से बचा बछड़े का हिस्सा रखा गया था।
सोमवार की सुबह वन दरोगा धर्मेंद सिंह मौके पर पहुंचे तो पिंजरे में एक गुलदार कैद मिला। वनकर्मी गुलदार के पिंजरे को ग्रामीणों की सहायता से ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर नगीना स्थित कृषि विज्ञान केंद्र ले गए। थोड़ी देर बाद पिंजरे को डीसीएम में लादकर अमानगढ़ वन रेंज भेज दिया गया। वन दरोगा धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार नर है। सामाजिकी वानिकी नगीना के रेंज क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा के अनुसार ग्राम धर्मूवाला-खत्रीवाला क्षेत्र से एक माह के भीतर पकड़े जाने वाला यह चौथा गुलदार है।