-गुलदार के लगातार हो रहे हमलों के चलते भाकियू टिकैत गुट के किसान डीएफओ से मिले
-भाकियू कार्यकर्ताओं ने किया किसान दिवस का बहिष्कार
-फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिलेभर में हो रहे गुलदार के हमलों को लेकर मंगलवार को भाकियू टिकैत गुट के किसान डीएफओ से मिले। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर अब गुलदार ने हमला किया तो वन विभाग के कार्यालय पर तालाबंदी कर आंदोलन किया जाएगा।
मंगलवार को भाकियू के जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में अनेक किसान व पदाधिकारी डीएफओ कार्यालय पहुंचे और गुलदार को पकड़ कर वन क्षेत्र भेजने की बात की। साथ ही एक ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह ने कहा कि अगर अब गुलदार ने किसी पर हमला किया तो भाकियू वन विभाग के अधिकारियों के कार्यालयों में तालाबंदी कर आंदोलन करेगी। साथ ही किसान नेताओं ने गुलदार के हमले में मरे किसान, ग्रामीणों को मुआवजा राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने की मांग की।
-अफसर नहीं पहुंचने का आरोप, किसान दिवस का किया बहिष्कार
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह, ठाकुर रामअवतार सिंह, होशियार सिंह, मास्टर विजय पाल सिंह, नरदेव सिंह, महिला जिलाध्यक्ष उपमा चौहान, धर्मेंद्र कुमार, बबलू प्रधान, तुषार कुमार, कविराज सिंह आदि किसान बुधवार को विकास भवन सभागार में पहुंचे। किसान नेताओं का आरोप है कि अफसरों के नहीं आने से किसान दिवस बेसर रहा। इसके बाद भाकियू जिलाध्यक्ष समेत अन्य किसानों ने किसान दिवस का बहिष्कार कर दिया।